← All previous-year papers

CUET 2025 Hindi Question Paper with Answers & Solutions

50 questions with answer key & explanations

जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए शिक्षा बहुत महत्वपूर्ण उपकरण है । यह जीवन के कठिन समय में चुनौतियों का सामना करने का मार्ग प्रशस्त करती है । शिक्षण-प्रक्रिया के दौरान प्राप्त किया गया ज्ञान प्रत्येक व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाता है । शिक्षा जीवन में बेहतर संभावनाओं को प्राप्त करने के अवसरों के लिए विभिन्न दरवाजे खोलती है । ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा बहुत से जागरूकता अभियान चलाये जा रहे हैं, जिससे सभी व्यक्तियों में समानता की भावना लाई जा सके तथा देश को विकास के पथ पर आगे ले जाया जा सके । आज के वैज्ञानिक एवं तकनीकी युग में शिक्षा की अहम भूमिका है । आजकल शिक्षा के स्तर को आगे बढ़ाने के लिए बहुत तरीके अपनाए जा रहे हैं । शिक्षा का पूरा तंत्र अब बदल गया है । आज १२वीं कक्षा के बाद दूरस्थ शिक्षा कार्यक्रम के माध्यम से नौकरी करते हुए कोई भी पढ़ाई कर सकता है । दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से हम आसानी से किसी भी बड़े और प्रसिद्ध विश्वविद्यालय में बहुत कम शुल्क पर प्रवेश ले सकते हैं । इसके अलावा अनेक छोटे-छोटे संस्थान भी विभिन्न कौशलों को विकसित करने वाले लघु अवधीय कौशलपरक पाठ्यक्रम चला रहे हैं । इन कौशलों में दक्षता प्राप्त कर व्यक्ति कम समय में ही अपने पैरों पर खड़ा हो सकता है ।
Q1.
गद्यांश के अनुसार जीवन में सफलता का अत्यंत महत्वपूर्ण उपकरण है -
A. नैतिकता
B. परिश्रम
C. शिक्षा
D. अनुशासन
Show answer & explanation

Correct answer: C

गद्यांश की पहली पंक्ति में स्पष्ट कहा गया है कि 'जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए शिक्षा बहुत महत्वपूर्ण उपकरण है', अतः उत्तर शिक्षा है।

Q2.
ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार द्वारा शिक्षा को कैसे बढ़ावा दिया जा रहा है ?
A. विद्यालय खोलकर
B. जागरूकता अभियान चलाकर
C. रोजगार के अवसर देकर
D. दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से
Show answer & explanation

Correct answer: B

गद्यांश के अनुसार 'ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा बहुत से जागरूकता अभियान चलाये जा रहे हैं', अतः उत्तर जागरूकता अभियान चलाकर है।

Q3.
गद्यांश के अनुसार आज का युग किस प्रकार का है?
A. चुनौतियों से भरा
B. आधुनिक युग
C. वैज्ञानिक और तकनीकी युग
D. प्राचीन युग
Show answer & explanation

Correct answer: C

गद्यांश में स्पष्ट उल्लेख है- 'आज के वैज्ञानिक एवं तकनीकी युग में शिक्षा की अहम भूमिका है', अतः उत्तर वैज्ञानिक और तकनीकी युग है।

Q4.
गद्यांश में प्रयुक्त 'अपने पैरों पर खड़ा होना' वाक्यांश का क्या अर्थ है?
A. कौशलपरक शिक्षा प्राप्त कर लेना
B. दूरस्थ शिक्षा का लाभ उठाना
C. विज्ञान और तकनीक से जुड़ना
D. आत्मनिर्भर बनना
Show answer & explanation

Correct answer: D

'अपने पैरों पर खड़ा होना' मुहावरे का अर्थ है आत्मनिर्भर होना; गद्यांश में भी कौशल में दक्षता प्राप्त कर व्यक्ति के आत्मनिर्भर बनने की बात कही गई है।

नाटक की तरह एकांकी में चरित्र अधिक नहीं होते । यहाँ पांच-छह से अधिक चरित्र नहीं होते । चरित्रों में भी केवल नायक की प्रधानता रहती है, अन्य चरित्र उसके व्यक्तित्व को अग्रसर करते हैं । यहाँ प्रतिनायक की कल्पना सामान्यतः नहीं रहता । नायक स्वयं अपने उत्थान-पतन के लिए उत्तरदायी है । एकांकी में विदूषक की कल्पना नहीं की जाती, क्योंकि एकांकी की कथावस्तु में इसके लिए स्थान ही नहीं होता । हास्य, व्यंग्य और विनोद का काम उसके चरित्रों के संवादों से ही चल जाता है । एकांकी के चरित्र को सजीव, व्यक्तिवादी और प्रभावशाली होना चाहिए । यहाँ चरित्र एक ऐसा बिंदु है, जो अपने चारों ओर वृत्त या घेरा बनाता जाता है । अतएव, घटनाओं के उत्थान-पतन की कोई आवश्यकता नहीं पड़ती । चरित्र का निर्माण उसके संस्कार, मनोविज्ञान और वातावरण के अनुसार होता है । प्राचीन नाटकों की तरह यहाँ नायक या पात्रों का कोई बना-बनाया साँचा नहीं होता । नायक के लिए सर्वगुणसंपन्न होना भी आवश्यक नहीं । वह तो एक साधारण व्यक्ति है, जो साधारण लोगों की तरह सुख-दुःख के बीच जीवन बिताता है । अधिकतर एकांकियों में चरित्र की मानसिक स्थिति द्वंद्वात्मक होती है । उसे अंतर्द्वंद्व और बाह्यद्वंद्व से संघर्ष करता हुआ दिखाया जाता है ।
Q5.
'कल्पना' शब्द में संज्ञा का भेद बताइये ।
A. व्यक्तिवाचक
B. पुरुषवाचक
C. जातिवाचक
D. भाववाचक
Show answer & explanation

Correct answer: D

'कल्पना' एक भाव/मनोवृत्ति को व्यक्त करने वाला अमूर्त शब्द है, अतः यह भाववाचक संज्ञा है।

Q6.
गद्यांश के अनुसार कौन सी विशेषता एकांकी के चरित्र से सम्बंधित नहीं है ?
A. सजीव
B. व्यक्तिवादी
C. प्रभावशाली
D. सर्वगुणसंपन्न
Show answer & explanation

Correct answer: D

गद्यांश कहता है चरित्र को सजीव, व्यक्तिवादी और प्रभावशाली होना चाहिए, परंतु नायक के लिए 'सर्वगुणसंपन्न होना आवश्यक नहीं', अतः यही विशेषता सम्बंधित नहीं है।

Q7.
एकांकी की कथावस्तु में किसके लिए स्थान नहीं रहता है ?
A. नायक
B. नायिका
C. विदूषक
D. सह चरित्र
Show answer & explanation

Correct answer: C

गद्यांश में लिखा है- 'एकांकी में विदूषक की कल्पना नहीं की जाती, क्योंकि एकांकी की कथावस्तु में इसके लिए स्थान ही नहीं होता', अतः उत्तर विदूषक है।

Q8.
गद्यांश के अनुसार चरित्र निर्माण के लिए इनमें से क्या आवश्यक नहीं है ?
A. संस्कार
B. मनोविज्ञान
C. वातावरण
D. घटनाओं का उत्थान-पतन
Show answer & explanation

Correct answer: D

गद्यांश के अनुसार चरित्र-निर्माण संस्कार, मनोविज्ञान और वातावरण के अनुसार होता है तथा 'घटनाओं के उत्थान-पतन की कोई आवश्यकता नहीं पड़ती', अतः उत्तर D है।

बार-बार आती है मुझको मधुर याद बचपन तेरी । गया ले गया तू जीवन की सबसे मस्त खुशी मेरी । चिंता रहित खेलना-खाना वह फिरना निर्भय स्वच्छंद । कैसे भूला जा सकता है बचपन का अतुलित आनंद ? ऊँच-नीच का ज्ञान नहीं था छुआ-छूत किसने जानी ? बनी हुई थी वहाँ झोंपड़ी और चीथड़ों में रानी । रोना और मचल जाना भी क्या आनंद दिखाते थे । बड़े-बड़े मोती से आँसू जयमाला पहनाते थे । वह सुख का साम्राज्य छोड़कर मैं मतवाली बड़ी हुई । लुटी हुई, कुछ ठगी हुई-सी दौड़ द्वार पर खड़ी हुई ।
Q9.
उपर्युक्त पंक्तियों में कवयित्री जीवन की सबसे अच्छी खुशियों को ले जाने का उत्तरदायी किसे मानती है ?
A. चिंता
B. युवावस्था
C. बचपन
D. जीवन संघर्ष
Show answer & explanation

Correct answer: C

पंक्ति 'गया ले गया तू जीवन की सबसे मस्त खुशी मेरी' में 'तू' संबोधन बचपन के लिए है, अतः बीते बचपन को ही खुशियाँ ले जाने का उत्तरदायी माना है।

Q10.
कवयित्री ने बचपन के अतुलित आनंद के रूप में इनमें से किसे याद नहीं किया है ?
A. चिंता मुक्त क्रीड़ा
B. निर्भय स्वच्छंद विचरण
C. ऊँच-नीच का भेद ज्ञान
D. अभाव में दुःख की अनुभूति
Show answer & explanation

Correct answer: D

कवयित्री ने चिंतारहित खेलना, निर्भय विचरण तथा ऊँच-नीच के भेद से मुक्ति को आनंद माना; अभाव में दुःख की अनुभूति का उल्लेख नहीं किया, अतः उत्तर D है।

Q11.
'छुआ-छूत' में कौन सा समास है ?
A. द्विगु
B. द्वंद्व
C. कर्मधारय
D. अव्ययी भाव
Show answer & explanation

Correct answer: B

'छुआ-छूत' में दोनों पद प्रधान हैं तथा 'छुआ और छूत' का बोध होता है, अतः यह द्वंद्व समास है।

Q12.
उपर्युक्त पद्यांश का इनमें से सर्वाधिक उचित शीर्षक होगा -
A. मेरा बचपन
B. बीता हुआ समय
C. मेरी स्मृतियाँ
D. जीवन का आनंद
Show answer & explanation

Correct answer: A

पूरा पद्यांश बचपन की मधुर यादों और उसके अतुलित आनंद के इर्द-गिर्द केंद्रित है (सुभद्रा कुमारी चौहान की 'मेरा नया बचपन'), अतः सर्वाधिक उचित शीर्षक 'मेरा बचपन' है।

Q13.
'अपना उल्लू सीधा करना' मुहावरे का अर्थ है -
A. धूर्तता करना
B. अपना काम निकालना
C. किसी को ठगना
D. अपनी बड़ाई स्वयं करना
Show answer & explanation

Correct answer: B

'अपना उल्लू सीधा करना' मुहावरे का अर्थ है अपना स्वार्थ/काम निकालना, अतः उत्तर B है।

Q14.
'अपराधी सदैव सशंकित रहता है ।' - इस अर्थ के लिए इनमें से कौन सी लोकोक्ति उपयुक्त है?
A. चोरी का माल मोरी में ।
B. चोर-चोर मौसेरे भाई ।
C. चोर की दाढ़ी में तिनका ।
D. चोर साह से कहे जागते रहो ।
Show answer & explanation

Correct answer: C

'चोर की दाढ़ी में तिनका' का अर्थ है अपराधी सदैव डरा-शंकित रहता है और उसकी घबराहट से उसके अपराध का पता चल जाता है।

Q15.
निम्नलिखित में से 'प्र' उपसर्ग से निर्मित शब्द नहीं है - (A) प्रकाश (B) प्रतिकूल (C) प्रख्यात (D) प्रत्यक्ष (E) प्रबल नीचे दिए गए विकल्पों में से सही उत्तर चुनें :
A. केवल (B) , (C) और (D)
B. केवल (A) और (C)
C. केवल (B) और (C)
D. केवल (B) और (D)
Show answer & explanation

Correct answer: D

प्रकाश, प्रख्यात, प्रबल में 'प्र' उपसर्ग है; किन्तु प्रतिकूल (प्रति+कूल) तथा प्रत्यक्ष (प्रति+अक्ष) में 'प्रति' उपसर्ग है, 'प्र' नहीं। अतः (B) और (D) सही उत्तर हैं।

Q16.
इनमें से कौन सा शब्द 'ई' प्रत्यय से निर्मित नहीं है - (A) खुजली (B) हरियाली (C) सरकारी (D) हलवाई (E) अंगूठी नीचे दिए गए विकल्पों में से सही उत्तर चुनें :
A. केवल (A) और (B)
B. केवल (A), (B) और (C)
C. केवल (C) और (D)
D. केवल (D) और (E)
Show answer & explanation

Correct answer: A

सरकार+ई=सरकारी, हलवा+ई=हलवाई 'ई' प्रत्यय से बने हैं; अंगूठी में भी 'ई' है। किन्तु खुजली ('ली' प्रत्यय) तथा हरियाली ('आली' प्रत्यय) में शुद्ध 'ई' प्रत्यय नहीं है, अतः (A) और (B) सही उत्तर हैं।

Q17.
निम्नलिखित शब्दों में से गुणवाचक विशेषण का उदाहरण नहीं है - (A) वर्तमान (B) भारतीय (C) सुनहरा (D) तीसरा (E) बहुत नीचे दिए गए विकल्पों में से सही उत्तर चुनें :
A. केवल (A), (B) और (D)
B. केवल (B), (C) और (D)
C. केवल (C) और (D)
D. केवल (D) और (E)
Show answer & explanation

Correct answer: D

वर्तमान (कालबोधक गुण), भारतीय (देश/गुण), सुनहरा (रंग/गुण) गुणवाचक हैं; किन्तु 'तीसरा' संख्यावाचक (क्रमवाचक) तथा 'बहुत' परिमाणवाचक विशेषण है, गुणवाचक नहीं। अतः (D) और (E) सही उत्तर हैं।

Q18.
'सूनी जगह में भय लगता ही है।' वाक्य में विशेष्य की पहचान कीजिये -
A. सूनी
B. जगह
C. भय
D. लगता
Show answer & explanation

Correct answer: B

'सूनी' विशेषण है जो 'जगह' की विशेषता बताता है, अतः जिस संज्ञा की विशेषता बताई गई वह विशेष्य 'जगह' है।

Q19.
'जलज' शब्द का एक अर्थ नहीं है –
A. अमृत
B. मोती
C. चन्द्रमा
D. कमल
Show answer & explanation

Correct answer: A

'जलज' (जल में जन्म लेने वाला) के अर्थ कमल, मोती, चन्द्रमा, शंख आदि हैं; 'अमृत' इसका अर्थ नहीं है, अतः उत्तर A है।

Q20.
'मेरी घड़ी खो गयी।' - वाक्य में कौन सा कारक है ?
A. कर्म कारक
B. सम्बन्ध कारक
C. करण कारक
D. सम्प्रदान कारक
Show answer & explanation

Correct answer: B

'मेरी' में 'का/की/के' संबंध सूचक विभक्ति है जो घड़ी का संबंध बताती है, अतः यह सम्बन्ध कारक है।

Q21.
निम्नलिखित में से सकर्मक क्रिया का उदाहरण नहीं है - (A) वह तुम्हें लजा रही है । (B) मैं घड़ा भरता हूँ । (C) गाड़ी चली । (D) विपदा मुझे डराती है । (E) चुनमुन रोता है । नीचे दिए गए विकल्पों में से सही उत्तर चुनें :
A. केवल (A) और (B)
B. केवल (B) और (C)
C. केवल (D) और (E)
D. केवल (C) और (E)
Show answer & explanation

Correct answer: D

(A) लजाना, (B) भरना, (D) डराना सकर्मक (कर्म लेती हैं) हैं; किन्तु 'गाड़ी चली' (चलना) तथा 'चुनमुन रोता है' (रोना) अकर्मक क्रियाएँ हैं। अतः सकर्मक न होने वाले (C) और (E) हैं।

Q22.
'चर' शब्द का समानार्थी नहीं है –
A. जासूस
B. पुराना
C. दूत
D. नौकर
Show answer & explanation

Correct answer: B

'चर' के अर्थ जासूस, दूत, गुप्तचर, सेवक/नौकर आदि हैं; 'पुराना' इसका समानार्थी नहीं है, अतः उत्तर B है।

Q23.
'मैं अभी-अभी आया हूँ ।' वाक्य में अव्यय का कौन सा भेद है?
A. स्थितिसूचक
B. स्थानवाचक
C. कालवाचक
D. रीतिवाचक
Show answer & explanation

Correct answer: C

'अभी-अभी' समय/काल का बोध कराने वाला क्रियाविशेषण अव्यय है, अतः यह कालवाचक भेद है।

Q24.
सूची-I को सूची-II से सुमेलित कीजिए : सूची-I (संधि भेद) (A) दीर्घ संधि (B) गुण संधि (C) यण संधि (D) अयादि संधि ; सूची-II (उदाहरण) (I) महा + इंद्र = महेन्द्र (II) मही + इन्द्र = महीन्द्र (III) शे + अन = शयन (IV) अनु + अय = अन्वय नीचे दिए गए विकल्पों में से सही उत्तर चुनिए :
A. (A) - (I), (B) - (II), (C) - (III), (D) - (IV)
B. (A) - (II), (B) - (I), (C) - (IV), (D) - (III)
C. (A) - (III), (B) - (II), (C) - (I), (D) - (IV)
D. (A) - (IV), (B) - (II), (C) - (III), (D) - (I)
Show answer & explanation

Correct answer: B

दीर्घ संधि- मही+इन्द्र=महीन्द्र (II); गुण संधि- महा+इंद्र=महेन्द्र (I); यण संधि- अनु+अय=अन्वय (IV); अयादि संधि- शे+अन=शयन (III)। अतः A-II, B-I, C-IV, D-III, विकल्प B सही है।

Q25.
'अत्युत्तम' का सही संधि विच्छेद है ?
A. अत्य + उत्तम
B. अत्या + उत्तम
C. अति + उत्तम
D. अती + उत्तम
Show answer & explanation

Correct answer: C

अति + उत्तम = अत्युत्तम (इ का य् होकर यण संधि), अतः सही विच्छेद 'अति + उत्तम' है।

Q26.
"मूक होइ बाचाल, पंगु चढ़इ गिरि बर गहन । जासु कृपाँ सो दयालु, द्रवउ सकल कलि मल दहन ।" उपर्युक्त पंक्तियों में कौन सा छंद है ?
A. दोहा
B. सोरठा
C. छप्पय
D. चौपाई
Show answer & explanation

Correct answer: B

इसमें प्रथम-तृतीय चरण में 11-11 तथा द्वितीय-चतुर्थ में 13-13 मात्राएँ हैं तथा तुक प्रथम-तृतीय चरण में मिलती है- यह सोरठा छंद है (दोहा का विलोम)।

Q27.
सूची-I को सूची-II से सुमेलित कीजिए : सूची-I (शब्द) (A) चिड़ीमार (B) परोक्ष (C) आजकल (D) कमलनेत्र ; सूची-II (समास) (I) तत्पुरुष (II) अव्ययीभाव (III) बहुव्रीहि (IV) द्वंद्व नीचे दिए गए विकल्पों में से सही उत्तर चुनिए :
A. (A) - (I), (B) - (II), (C) - (IV), (D) - (III)
B. (A) - (I), (B) - (II), (C) - (III), (D) - (IV)
C. (A) - (II), (B) - (I), (C) - (III), (D) - (IV)
D. (A) - (II), (B) - (I), (C) - (IV), (D) - (III)
Show answer & explanation

Correct answer: A

चिड़ीमार- तत्पुरुष (I); परोक्ष- अव्ययीभाव (II); आजकल- द्वंद्व (आज और कल) (IV); कमलनेत्र- बहुव्रीहि (कमल के समान नेत्र वाला) (III)। अतः A-I, B-II, C-IV, D-III, विकल्प A सही है।

Q28.
'चन्द्रबदन' शब्द में कौन सा समास है ?
A. बहुब्रीहि समास
B. कर्मधारय समास
C. तत्पुरुष समास
D. अव्ययीभाव समास
Show answer & explanation

Correct answer: B

'चन्द्रबदन' = चन्द्र के समान बदन (मुख) - इसमें उपमान-उपमेय का भाव है, अतः यह कर्मधारय समास है।

Q29.
सूची-I को सूची-II से सुमेलित कीजिए : सूची-I (मुहावरा) (A) आँखें खुलना (B) खून सफेद हो जाना (C) कान पकड़ना (D) कलेजा ठंडा होना ; सूची-II (अर्थ) (I) बहुत डर जाना (II) संतोष होना (III) प्रतिज्ञा करना (IV) सजग होना नीचे दिए गए विकल्पों में से सही उत्तर चुनिए
A. (A) - (I), (B) - (III), (C) - (IV), (D) - (II)
B. (A) - (IV), (B) - (III), (C) - (II), (D) - (I)
C. (A) - (III), (B) - (II), (C) - (IV), (D) - (I)
D. (A) - (IV), (B) - (I), (C) - (III), (D) - (II)
Show answer & explanation

Correct answer: D

आँखें खुलना- सजग होना (IV); खून सफेद हो जाना- बहुत डर जाना (I); कान पकड़ना- प्रतिज्ञा करना (III); कलेजा ठंडा होना- संतोष होना (II)। अतः A-IV, B-I, C-III, D-II, विकल्प D सही है।

Q30.
निम्नलिखित में से शब्दालंकार का भेद नहीं है - (A) अनुप्रास (B) श्लेष (C) उपमा (D) रूपक (E) उत्प्रेक्षा नीचे दिए गए विकल्पों में से सही उत्तर चुनें :
A. केवल (A), (B) और (D)
B. केवल (A) और (C)
C. केवल (C), (D) और (E)
D. केवल (B), (C) और (D)
Show answer & explanation

Correct answer: C

अनुप्रास और श्लेष शब्दालंकार हैं; जबकि उपमा, रूपक और उत्प्रेक्षा अर्थालंकार हैं। अतः शब्दालंकार के भेद न होने वाले (C), (D) और (E) हैं।

Q31.
सूची-I को सूची-II से सुमेलित कीजिए : सूची-I (रस) (A) रौद्र (B) वीर (C) भयानक (D) वीभत्स ; सूची-II (स्थायी भाव) (I) उत्साह (II) क्रोध (III) जुगुप्सा (IV) भय नीचे दिए गए विकल्पों में से सही उत्तर चुनिए :
A. (A) - (I), (B) - (II), (C) - (III), (D) - (IV)
B. (A) - (I), (B) - (III), (C) - (II), (D) - (IV)
C. (A) - (II), (B) - (I), (C) - (IV), (D) - (III)
D. (A) - (III), (B) - (IV), (C) - (I), (D) - (II)
Show answer & explanation

Correct answer: C

रौद्र रस- क्रोध (II); वीर रस- उत्साह (I); भयानक रस- भय (IV); वीभत्स रस- जुगुप्सा (III)। अतः A-II, B-I, C-IV, D-III, विकल्प C सही है।

Q32.
'वीर तुम बढ़े चलो, धीर तुम बढ़े चलो। सामने पहाड़ हो कि सिंह की दहाड़ हो।' उपर्युक्त पंक्तियों में कौन सा रस है?
A. रौद्र रस
B. वीर रस
C. भयानक रस
D. अद्भुत रस
Show answer & explanation

Correct answer: B

पंक्तियों में उत्साह व साहस के साथ निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा है, जिसका स्थायी भाव उत्साह है, अतः यहाँ वीर रस है।

Q33.
'अधिगम्य' का उचित विलोम शब्द है -
A. बोधगम्य
B. अनधिगम्य
C. प्रतिगम्य
D. अगम्य
Show answer & explanation

Correct answer: B

'अधिगम्य' (जो प्राप्त/समझा जा सके) का सटीक विलोम 'अन्' उपसर्ग जोड़कर बना 'अनधिगम्य' है।

Q34.
निम्नलिखित में से 'आर्द्र' शब्द का उचित विलोम शब्द नहीं है -
A. शुष्क
B. अनार्द्र
C. सूखा
D. सजल
Show answer & explanation

Correct answer: D

'आर्द्र' का अर्थ गीला/नम है; इसके विलोम शुष्क, अनार्द्र, सूखा हैं। किन्तु 'सजल' (जल युक्त, गीला) तो आर्द्र का पर्यायवाची है, विलोम नहीं, अतः उत्तर D है।

Q35.
निम्नलिखित में से कौन सा शब्द तत्सम स्त्रीलिंग शब्द नहीं है -
A. शिक्षा
B. आयु
C. निमंत्रण
D. वस्तु
Show answer & explanation

Correct answer: C

शिक्षा, आयु, वस्तु तत्सम स्त्रीलिंग शब्द हैं; जबकि 'निमंत्रण' तत्सम पुल्लिंग शब्द है, अतः उत्तर C है।

Q36.
इनमें से एकवचन का उदाहरण है -
A. हरि तुम्हारे मामा हैं ।
B. श्याम और हरि के नाना आए हैं ।
C. यह साधुओं का समाज है ।
D. दयालु आए ।
Show answer & explanation

Correct answer: C

'यह साधुओं का समाज है' में कर्ता 'समाज' एकवचन है और क्रिया 'है' एकवचन में है। अन्य वाक्यों में आदरसूचक/बहुवचन प्रयोग ('हैं', 'आए हैं', 'आए') है, अतः एकवचन का उदाहरण C है।

Q37.
इनमें से 'मुख' का पर्यायवाची शब्द नहीं है -
A. आनन
B. वदन
C. सकल
D. मुँह
Show answer & explanation

Correct answer: C

मुख के पर्यायवाची आनन, वदन, मुँह आदि हैं; 'सकल' का अर्थ 'संपूर्ण/समस्त' है, मुख नहीं, अतः उत्तर C है।

Q38.
निम्नलिखित में से कौन सा शब्द 'चोर' का पर्यायवाची है?
A. गर्हित
B. खनक
C. विचरणशील
D. शम्बर
Show answer & explanation

Correct answer: B

'खनक' (सेंध लगाकर चुराने वाला) चोर का पर्यायवाची है; गर्हित का अर्थ निंदित, शम्बर का अर्थ हिरण/जल है, अतः उत्तर B है।

Q39.
'जिसकी पत्नी साथ नहीं हो' वाक्यांश के लिए उचित एक शब्द है -
A. विप्रतीक
B. वियोगी
C. विधुर
D. एकाकी
Show answer & explanation

Correct answer: C

जिसकी पत्नी साथ न हो अथवा मृत हो उसके लिए एक शब्द 'विधुर' है, अतः उत्तर C है।

Q40.
'मधुकरी' शब्द इनमें से किस वाक्यांश के लिए प्रयुक्त होता है ?
A. जो मधु से उत्पन्न हुआ हो।
B. जिसे मन पवित्र मानता हो।
C. केवल वर्षा पर निर्भर।
D. पके हुए अन्न की भिक्षा।
Show answer & explanation

Correct answer: D

'मधुकरी' का अर्थ है साधु-संन्यासियों द्वारा भौंरे की भाँति थोड़ी-थोड़ी करके माँगी गई पके अन्न की भिक्षा, अतः उत्तर D है।

Q41.
इनमें से कौन सा शब्द 'पक्ष' का एक अर्थ प्रकट नहीं करता है?
A. पंख
B. दल
C. कान
D. पखवाड़ा
Show answer & explanation

Correct answer: C

'पक्ष' के अर्थ पंख, दल/समर्थक तथा पखवाड़ा (15 दिन) हैं; 'कान' इसका अर्थ नहीं है, अतः उत्तर C है।

Q42.
'अश्व' शब्द का समानार्थी नहीं है –
A. मृगराज
B. घोड़ा
C. तुरंग
D. घोटक
Show answer & explanation

Correct answer: A

अश्व के समानार्थी घोड़ा, तुरंग, घोटक, हय आदि हैं; 'मृगराज' का अर्थ सिंह है, अतः उत्तर A है।

Q43.
अलंकार के निम्नलिखित उदाहरणों को अनुप्रास, उपमा, रूपक और श्लेष के क्रम में व्यवस्थित कीजिए- (A) तरनि तनूजा तट तमाल तरुवर बहु छाए । (B) रहिमन पानी राखिए, बिन पानी सब सून। पानी गए न ऊबरे, मोती मानुस चून ।। (C) सिन्धु सा विस्तृत और अथाह । (D) चरण-कमल बन्दौ हरिराई । नीचे दिए गए विकल्पों से सही उत्तर चुनिए –
A. (A), (C), (B), (D)
B. (A), (B), (C), (D)
C. (B), (A), (C), (D)
D. (A), (C), (D), (B)
Show answer & explanation

Correct answer: D

अनुप्रास- (A) 'त' की आवृत्ति; उपमा- (C) 'सा' वाचक से; रूपक- (D) चरण-कमल (अभेद आरोप); श्लेष- (B) 'पानी' के अनेक अर्थ। अतः क्रम (A), (C), (D), (B) - विकल्प D सही है।

Q44.
सूची-I को सूची-II से सुमेलित कीजिए : सूची-I (लेखक) (A) जयशंकर प्रसाद (B) सुमित्रानंदन पंत (C) महादेवी वर्मा (D) सूर्यकान्त त्रिपाठी निराला ; सूची-II (रचना) (I) यामा (II) राम की शक्ति पूजा (III) कामायनी (IV) उच्छवास नीचे दिए गए विकल्पों में से सही उत्तर चुनिए
A. (A) - (II), (B) - (III), (C) - (I), (D) - (IV)
B. (A) - (III), (B) - (II), (C) - (IV), (D) - (I)
C. (A) - (III), (B) - (IV), (C) - (I), (D) - (II)
D. (A) - (I), (B) - (III), (C) - (II), (D) - (IV)
Show answer & explanation

Correct answer: C

जयशंकर प्रसाद- कामायनी (III); सुमित्रानंदन पंत- उच्छवास (IV); महादेवी वर्मा- यामा (I); निराला- राम की शक्ति पूजा (II)। अतः A-III, B-IV, C-I, D-II, विकल्प C सही है।

Q45.
'पृथ्वी' शब्द का समानार्थी नहीं है –
A. धरित्री
B. अर्णव
C. वसुधा
D. इला
Show answer & explanation

Correct answer: B

पृथ्वी के समानार्थी धरित्री, वसुधा, इला, धरा आदि हैं; 'अर्णव' का अर्थ समुद्र है, अतः उत्तर B है।

Q46.
व्युत्पत्ति की दृष्टि से निम्नलिखित शब्दों को तत्सम, तद्भव, देशज और विदेशी के क्रम में व्यवस्थित कीजिए - (A) कटोरा (B) कर्पूर (C) गदहा (D) स्टेशन नीचे दिए गए विकल्पों से सही उत्तर चुनिए –
A. (D), (A), (B), (C)
B. (A), (B), (C), (D)
C. (B), (C), (A), (D)
D. (C), (A), (B), (D)
Show answer & explanation

Correct answer: C

तत्सम- कर्पूर (B); तद्भव- गदहा (गर्दभ से) (C); देशज- कटोरा (A); विदेशी- स्टेशन (D)। अतः क्रम (B), (C), (A), (D) - विकल्प C सही है।

Q47.
जन्मवर्ष के अनुसार निम्नलिखित रचनाकारों को पहले से बाद के क्रम में व्यवस्थित कीजिए - (A) कबीरदास (B) तुलसीदास (C) केशवदास (D) सूरदास नीचे दिए गए विकल्पों में से सही उत्तर चुनें :
A. (A), (B), (C), (D)
B. (A), (D), (B), (C)
C. (B), (A), (D), (C)
D. (C), (B), (D), (A)
Show answer & explanation

Correct answer: B

जन्मक्रम- कबीरदास (1398/1440) → सूरदास (1478) → तुलसीदास (1497/1532) → केशवदास (1555)। अतः क्रम (A), (D), (B), (C) - विकल्प B सही है।

Q48.
हिंदी के निम्नलिखित उपन्यासों को उनके प्रकाशन वर्ष के अनुरूप पहले से बाद के क्रम में व्यवस्थित कीजिये - (A) परीक्षा गुरु (B) गोदान (C) चंद्रकांता (D) राग दरबारी (E) मैला आँचल नीचे दिए गए विकल्पों में से सही उत्तर चुनें :
A. (A), (B), (C), (D), (E)
B. (A), (C), (B), (E), (D)
C. (A), (B), (D), (C), (E)
D. (C), (B), (A), (E), (D)
Show answer & explanation

Correct answer: B

प्रकाशन क्रम- परीक्षा गुरु (1882) → चंद्रकांता (1888) → गोदान (1936) → मैला आँचल (1954) → राग दरबारी (1968)। अतः क्रम (A), (C), (B), (E), (D) - विकल्प B सही है।

Q49.
सरकारी /कार्यालयी पत्रव्यवहार हेतु पत्र लिखते समय निम्नलिखित बिन्दुओं का उचित (पहले से बाद का) क्रम होगा - (A) विषय (B) पत्रांक (C) स्वनिर्देश (D) संबोधन नीचे दिए गए विकल्पों में से सही उत्तर चुनें :
A. (A), (B), (C), (D)
B. (A), (C), (B), (D)
C. (B), (A), (D), (C)
D. (C), (B), (D), (A)
Show answer & explanation

Correct answer: C

सरकारी पत्र में क्रम- पत्रांक (संख्या) (B) → विषय (A) → संबोधन (D) → स्वनिर्देश (मैं/प्रेषक की भूमिका) (C)। अतः क्रम (B), (A), (D), (C) - विकल्प C सही है।

Q50.
निम्नलिखित में से कार्यालयी पत्र-व्यवहार का उदाहरण नहीं है -
A. परिपत्र
B. प्रेस विज्ञप्ति
C. अधिसूचना
D. परिचय पत्र
Show answer & explanation

Correct answer: D

परिपत्र, प्रेस विज्ञप्ति तथा अधिसूचना कार्यालयी पत्र-व्यवहार के प्रकार हैं; 'परिचय पत्र' व्यक्तिगत/अर्ध-सरकारी प्रकृति का है, कार्यालयी पत्र-व्यवहार का उदाहरण नहीं, अतः उत्तर D है।

Original question paper source: National Testing Agency (NTA), CUET (UG) 2025. Reproduced for educational use. Answers & explanations by UniDrill.